क्या आपने कभी सोचा है कि क्या एक अंगूठी आपको ब्रह्माण्ड की रक्षा की शक्ति दे सकती है? क्या एक अंगूठी आपको इतना शक्तिशाली बना सकती है कि आप किसी शक्तिशाली और विशाल सेना से अकेले टक्कर ले सकें?

यदि आप कॉमिक्स पढ़ते हैं या फिर कॉमिक्स से किसी भी तरह जुड़े रहे हैं (फिल्मों, टीवी शो द्वारा अन्यथा कॉमिक बुक्स द्वारा) तो आपने कभी न कभी ग्रीन लैंटर्न के विषय में सुना अथवा पढ़ा ही होगा। अपने कॉमिक्स प्रेम के विषय में तो मैं कई किस्से बांच चुका हूँ, तो आपने यदि वह सब किस्से नहीं पढ़ें हैं तो एक बार वहाँ नज़र-ए-इनायत अवश्य करें, क्या पता आपको अपना बचपन भी याद आ जाए। 😁

मैंने जितने भी कॉमिक्स किरदार और सुपर हीरोज़ के विषय में पढ़ा है, ग्रीन लैंटर्न उन सब में मुझे सबसे अधिक पसंद रहा है। कई लोगों का सबसे पसंदीदा किरदार सुपरमैन होता है तो कई लोगों को बैटमैन सबसे अधिक प्रिय होता है – मुझे ये सब भी पसंद रहे हैं लेकिन ग्रीन लैंटर्न मेरा फेवरेट रहा है।

तो मैंने सोचा कि चलो आज इस किरदार के विषय में कुछ लिखते हैं। 😁

ग्रीन लैंटर्न डीसी (DC) कॉमिक्स का एक लोकप्रिय किरदार है और जस्टिस लीग का एक अहम् हिस्सा रहा है। काफ़ी लोगों के लिए हाल जॉर्डन ही ग्रीन लैंटर्न रहा है और सबसे अधिक लोकप्रिय ग्रीन लैंटर्न भी हाल जॉर्डन ही रहा है। लेकिन शुरुआत में ऐसा नहीं था।

ग्रीन लैंटर्न की शुरूआत 1940 में आल अमेरिकन कॉमिक्स के अंक 16 में हुई थी, जिसे मार्टिन नोडेल और बिल फिंगर ने रचा था। पहला ग्रीन लैंटर्न एलन स्कॉट को बनाया गया था जो एक रेलवे इंजीनियर था। ग्रीन लैंटर्न की विशेष अंगूठी ने उसे विशेष शक्तियां दीं जैसे कि वस्त्रों को बदलना, वायरलेस संवाद करना और ऊर्जा के विभिन्न रूप बनाना।

1959 में डीसी ने ग्रीन लैंटर्न को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया। जूलियस श्वार्टज़ ने हाल जॉर्डन की नए ग्रीन लैंटर्न के रूप में रचना करी जो एक टेस्ट पायलट था और उसको ग्रीन लैंटर्न कोर का सदस्य दिखाया गया। ग्रीन लैंटर्न कोर एक सैन्य संगठन है जिसका दायित्व पुलिस की भांति ब्रह्माण्ड में शांति बनाए रखना है। ज्ञात ब्रह्माण्ड को 3600 सेक्टर्स में बाँटा गया है और प्रत्येक सेक्टर की ज़िम्मेदारी दो ग्रीन लैंटर्न निभाते हैं।

ग्रीन लैंटर्न कोर के प्रत्येक योद्धा को ग्रीन लैंटर्न कहा जाता है। इनको शक्ति इनकी हरे रंग की अंगूठी से मिलती है जो कि इनकी इच्छाशक्ति (will power) से चलती है। इसलिए प्रत्येक ग्रीन लैंटर्न प्रबल इच्छाशक्ति वाला जीव होता है। कहानी में इन अंगूठियों का निर्माण एक अतिविकसित और प्राचीन सभ्यता के लोगों ने किया था जो कि ब्रह्माण्ड के संरक्षकों के रूप में जाने जाते हैं। ये जीव ब्रह्माण्ड के अति पुरातन जीवों में हैं और अमर समझे जाते हैं। इन्होने ब्रह्माण्ड और अलग-२ ग्रहों पर विकसित होती सभ्यताओं की रक्षा के लिए अलग-२ शक्तियों को आँका था और आखिरकार इच्छाशक्ति से चलने वाली यह अंगूठियाँ बनाई थी। इन अंगूठियों को कृत्रिम बुद्धि वाला कंप्यूटर समझ सकते हैं क्योंकि प्रत्येक अंगूठी अपने धारक को स्वयं चुनती है और ब्रह्माण्ड की कोई शक्ति इन अंगूठियों को जबरन धारण नहीं कर सकती।

ग्रीन लैंटर्न की लगभग सभी कहानियाँ, सभी एडवेंचर अंतरिक्ष में होते हैं। वह अलग-२ ग्रहों पर जाता है, अलग-२ एलियन सभ्यताओं के संपर्क में आता है। वह एक आम व्यक्ति है जिसके पास ब्रह्माण्ड के सबसे खतरनाक शस्त्रों में एक – ग्रीन लैंटर्न की अंगूठी है। इसमें ऐसा कुछ नहीं है जो कि एक 12-13 साल के बालक को पसंद न आए, उसे अपनी ओर आकर्षित न करे। और ऐसे ही बचपन में ग्रीन लैंटर्न की ओर मेरा भी झुकाव हो गया। 😁

समय के साथ-२ पृथ्वी से और भी कई ग्रीन लैंटर्न हुए हैं। डीसी के कलाकार नील एडम्स को लगा कि कोई अन्य ग्रीन लैंटर्न भी होना चाहिए इसलिए उन्होंने 1971 में जॉन स्टेवर्ट की रचना करी जो कि एक निर्माणकार और पूर्व सैनिक था। गाइ गार्डनर भी एक महत्वपूर्ण ग्रीन लैंटर्न रहा है; इस किरदार को हालाँकि 1968 में लाया गया था लेकिन इस पर 1980 के दशक तक कोई ख़ास काम नहीं हुआ और न ही उसकी कोई महत्ता रही। साथ ही इसकी रचना को लेकर इस किरदार पर काफी विवाद भी रहा जिसके चलते यह ग्रीन लैंटर्न की कहानियों का जोकर ही बनकर रह गया।

1994 में रॉन मार्ज़ द्वारा रचित नया ग्रीन लैंटर्न आया, काइल रेनर। डीसी कॉमिक्स अब हाल जॉर्डन को त्यागना चाहती थी। उनको लगा कि यह किरदार सालों से सबसे अधिक लोकप्रिय ग्रीन लैंटर्न रहा है तो इसलिए अब इसको हटा के कुछ नया लाते हैं। 🙄 तो एक तरह से काइल रेनर के आने पर हाल जॉर्डन की कहानी समाप्त कर दी गई और उसको किसी अनवांछित वस्तु की तरह त्याग दिया गया। लगभग 10 वर्ष डीसी ने कोशिश करी लेकिन काइल रेनर को वह सफ़लता नहीं मिली जो हाल जॉर्डन की सालों से रही थी।

आखिरकार मास्टर स्टोरीटेलर जॉफ जॉन्स की कलम से 2004 में हाल जॉर्डन की वापसी हुई और जॉन्स की कलम से निकली वह कथा तकरीबन पाँच वर्ष चली।

ग्रीन लैंटर्न की कई महत्वपूर्ण कहानियों में “एमराल्ड ट्वाईलाईट”, “ब्लैकेस्ट नाईट”, “रीबर्थ” और “ब्राइटेस्ट डे” प्रमुख हैं।

समय-२ पर ग्रीन लैंटर्न ने समाजिक और राजनीतिक मुद्दों को भी छूने का प्रयास किया, जैसे रंगभेद, नशीली चीजों का दुरुपयोग और सत्ता/अधिकार का दुरुपयोग। ग्रीन लैंटर्न पर कई फिल्में और एनिमेटेड शृंखलाएँ भी बनी हैं।

ग्रीन लैंटर्न की कहानी सिर्फ एक सुपरहीरो की कहानी नहीं है, बल्कि यह एक प्रतीक है जिसका मूल भाव यह दर्शाना है कि सही इरादों और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।

यदि आपने कभी ग्रीन लैंटर्न की कहानियाँ नहीं पढ़ी हैं और कॉमिक्स अथवा ग्राफ़िक नॉवेल्स में रूचि है तो मेरा सुझाव रहेगा कि एक बार इस किरदार को अवश्य आज़मा कर देखें।

कॉमिक्स के किस्से आगे भी जारी रहेंगे।