परसों बताए रहे अडोबी की हवा और ट्वहिर्ल के बारे में, लोग बाग कुछ खास इंप्रैस नाही हुए रहे। अब कोई बात नहीं यदि प्रभावित नहीं हुए तो, ऊ तो महज़ परिचय था, तड़का तो अभी लगना बाकी है।
तो चलिए अपन चलते हैं हवाई सफ़र के अगले पड़ाव पर और देखते हैं गूगल एनालिटिक्स सुईट (Google Analytics Suite) को जो कि दमदार दिखे है। अब यदि आपको यह नहीं पता कि गूगल एनालिटिक्स क्या बला है तो जनाब साइटमीटर (sitemeter) और स्टैटकाउंटर (statcounter) नाम के जुगाड़ों से आगे बढ़िए दुनिया वहीं तक सीमित नहीं है, अपने गूगल बाबा यहाँ भी अपने हाथ-पैर सभी फैला के बैठे आपकी बाट जोह रहे हैं कि आप उनके फ्री के जुगाड़ को इस्तेमाल करें जिसको उन्होंने तगड़ा रोकड़ा खर्च कर दूसरी कंपनी को खरीद हासिल किया था। जो लोग ब्लॉगस्पॉट पर अड्डा बनाए बैठे हैं वे तो सीधे ही इसका कोड अपनी टेम्पलेट में डाल सकते हैं, वर्डप्रैस वालों के लिए(.कॉम नहीं, अपने सर्वर पर सॉफ़्टवेयर वाले) यह मुफ़्त प्लगिन है – अल्टीमेट जीए (Ultimate GA) – जिसको इंस्टॉल कर अपनी साइट का एनालिटिक्स आईडी डालिए और बाकी का काम इस पर छोड़ दीजिए। अब यदि आपको अपने ब्लॉग आदि की रिपोर्ट कॉर्ड देखनी हो कि वह कैसा कर रहा है तो गूगल बाबा का जुगाड़ आपको विस्तृत जानकारी देता है, लेकिन इसके लिए आपको ब्राउज़र में एनालिटिक्स वाली साइट खोल लॉगिन कर देखना पड़ता है। क्या यह अच्छा न हो यदि आपके कंप्यूटर पर ही कोई सॉफ़्टवेयर आ जाए जिसमें आप रिपोर्ट कॉर्ड देख लें और बार-२ लॉगिन का झंझट ही न हो? बस यही काम करेगा हवाई जुगाड़ गूगल एनालिटिक्स सुईट। अभी यह बीटा में है लेकिन काफ़ी सही दिखे है तो आईये एक नज़र मार लेते हैं इस पर भी।
